धोखाधड़ी कर रकम निकालने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
- एटीएम कार्ड और आधार कार्ड के साथ बैंक पासबुक भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कम ब्याज पर लोन दिलाने के नाम पर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने वाले गिरोह के दो सदस्यों को बसई मोहम्मदपुर की पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से आधार कार्ड, एटीएम कार्ड के साथ अन्य सामान बरामद हुआ। आरोपियों पर पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष बसई मोहम्मदपुर ऋषि कुमार ने बताया कि वह पुलिस बल के साथ यमुना किनारे स्थित सोफीपुर के समीप वाहन चेकिंग के रहे थे। तभी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने अपने नाम कृष्णा व वीरेंद्र निवासी बरगदपुर थाना रसूलपुर बताया। बदमाशों के पास से पांच आधार कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक बैंक की पासबुक, एक मोबाइल, एक बाइक बरामद की गई है। बदमाशों ने बताया कि वे फर्जी तरीके से प्रपत्र व एटीएम कार्ड तैयार करते थे। कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर एटीएम कार्ड व बैंक से रुपये निकाल लेते हैं। सस्ता लोन दिलाने के नाम पर दिव्यांग व अशिक्षित लोगों के बैंक एकाउंट खुलवाते हैं और फिर उसमें अपना नंबर रजिस्टर कर एटीएम कार्ड खुद ले लेते हैं जिसमें अधिकृत लेनदेन किया जाता है।