फीरोजाबाद। मौढ़ा स्थित फैक्ट्री पर बैंक का 60 लाख रुपया बकाया होने पर शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर फैक्ट्री का सीज कर दिया गया। फैक्ट्री सीज कराने के बाद तहसील प्रशासन ने कब्जा पंजाब नेशनल बैंक के अफसरों को दे दिया।
मौढ़ा में इंडियन प्लास्टिक फैक्ट्री है। फैक्ट्री स्वामी बबलू राठौर पुत्र सुखलाल राठौर निवासी नगला विश्नू लाइनपार ने पंजाब नेशनल बैंक से 60 लाख रुपये का बैंक ऋण लिया था। ऋण अदायगी के लिए बैंक ने कई बार नोटिस जारी किए लेकिन बबलू राठौर ने ऋण अदा नहीं किया। इस पर बैंक मैनेजर ने डीएम विजय किरन आनंद को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई कराने को कहा। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को तहसील प्रशासन ने कार्रवाई की। नायाब तहसीलदार एन.राम, टीम और थाना रसूलपुर फोर्स के साथ मौढ़ा स्थित इंडियन प्लास्टिक फैक्ट्री पर पहुंचे। यहां उन्होंने फैक्ट्री सीज किए जाने का बोर्ड चस्पा करा दिया। साथ ही सचेत किया यह प्रापर्टी विवादित है, अत: किसी तरह खरीद फरोख्त नहीं की जाए। नायाब तहसीलदार एन.राम ने पीएनबी के शाखा प्रबंधक स्वेदश कुमार, चीफ मैनेजर जगमोहन और पुनीत द्विवेदी को फैक्ट्री का कब्जा दिया।