हनुमानगढ़ स्थित नगर के बड़े हनुमान मंदिर प्रांगण में स्थित बाबा नीमकरोरी मंदिर की स्थापना के मौके पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन के साथ भव्य फूल बंगला सजाया गया। समापन पर आरती के साथ प्रसाद का वितरण किया।
नगर के बड़े हनुमान मंदिर प्रांगण में महंत पंडित जगजीवन राम मिश्र इंदौजी महाराज के सानिध्य में बाबा नीम करोरी का मंदिर की स्थापना की वर्षगांठ मनाई जा रही है। पंडित हरिओम शास्त्री ने बताया कि मंदिर की स्थापना के मौके पर भव्य फूलबंगला सजाने के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया। सुंदरकांड पाठ के भजनों पर श्रद्धालु झूमते दिखाई दिए। शाम को पाठ के समापन के साथ आरती एवं प्रसाद का वितरण किया। भगवान राम, लक्ष्मण एवं सीता की भव्य रूप से सजी झांकियों के दर्शन करने को पहुंचे। प्रसाद पाने वालों की कतार लगी रही। श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में 18 मार्च से श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होगा। इस मौके पर सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से सुबह नौ बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कथा वाचक पद्म चंद्र उपाध्याय होंगे। कलशों की स्थापना होने के साथ ही प्रतिदिन दोपहर एक से शाम पांच बजे तक भागवत कथा आयोजित होगी।