पिता की विरासत का दावेदार अक्सर बेटों को माना जाता है लेकिन अब एक बेटी पिता की विरासत संभालेगी। फीरोजाबाद के निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष ने बेटी को ब्लाक प्रमुख पद के लिए मैदान में उतारा है।
फीरोजाबाद जिला पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल अब सक्रिय राजनीति में अपनी बेटी अर्चना को ला रहे हैं। फीरोजाबाद ब्लाक प्रमुख पद के लिए सपा भी अर्चना के नाम पर राजी है। जिलाध्यक्ष और सपा सांसद अक्षय यादव ने उनके नाम पर मोहर लगा दी है। एमए बीएड करने के बाद अर्चना शहर के रामाकन्या इंटर कालेज में अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। ब्लाक प्रमुख पद के लिए उनकी दावेदारी प्रबल मानी जा रही है। वर्तमान में वह पार्टी के कार्यों में सक्रिय नजर आ रही हैं। सूत्रों की माने तो समाजवादी पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष की तर्ज पर ब्लाक प्रमुखों का चुनाव भी निर्विरोध कराना चाहती है। फीरोजाबाद सीट को अहम माना जा रहा है। इसके चलते अन्य दावेदारों को मनाने का सिलसिला भी चल रहा है। पार्टी जिले की सभी आठ सीटों पर अपने पत्ते जल्द खोलेगी। सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव ने बताया कि ब्लाक प्रमुख प्रत्याशी के रूप में अर्चना ही चेहरा बनेगी। इसके लिए सांसद अक्षय यादव ने भी संस्तुति दे दी है।