मेडिकल कॉलेज में एआरबी लगवाने के लिए लगी मरीजों की लाइन।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को राहत मिलना शुरू हो गई है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में एआरबी लगाई गई। मरीजों की काफी लंबी लाइन लगी रही। हालांकि एआरबी लगाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। लोग एक-दूसरे से बिना दूरी बनाए ही खड़े हुए थे। अस्पताल में किसी ने भी सोशल डिस्टेंस बनाने की सलाह भी मरीजों को नहीं दी।
कई दिनों से स्वास्थ्य सेवाएं न मिल पाने के कारण मरीजों को संकट के दौर से गुजरना पड़ रहा था। अब धीरे-धीरे स्वास्थ्य सेवाएं भी बहाल हो रही हैं। कुत्ता, बंदर के काटने के बाद लोग एआरबी लगवाने के लिए मेडिकल कॉलेज आ रहे थे। किंतु एआरबी न लग पाने के कारण लौटना पड़ता था या फिर प्राइवेट खरीदकर एआरबी लगवानी पड़ रही थी। बहुत कम लोग ही एआरबी खरीदकर लगवा रहे थे, जो मरीजों के जीवन के लिए खतरे की ओर इशारा कर रही थी। अब एआरबी लगने की शुरुआत हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज में एआरबी लगवाने वाले मरीजों की लंबी कतारें दिखीं।
इधर, बाल रोग विभाग की ओपीडी चल रही है। स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी का संचालन हो रहा है। खांसी, जुकाम सहित सामान्य बीमारियों के लिए मरीजों के लिए ओपीडी संचालित की जा रही है। हालांकि सामान्य ओपीडी में एक ही चिकित्सक बैठ रहे हैं। आकस्मिक सेवाएं सुचारु हैं। प्रभारी सीएमएस डॉ. आलोक कुमार का कहना है कि हॉस्टिपल में इमरजेंसी सुविधाएं तो हमेशा से ही जारी रही हैं। कई ओपीडी खुल गई हैं, एआरबी भी लगाए जा रहे हैं। सोशल डिस्टेंस का पालन कराया जाएगा।