प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य पद के नामांकन को हाथवंत, जसराना एवं अरांव ब्लाक में आज चुनावी मेला लगेगा। तीनों ब्लाकों के 175 प्रधान व 2197 ग्राम पंचायत सदस्य पद का चुनाव होना है। 16 और 17 नवंबर तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों को अंतिम रूप देने में बीडीओ एवं निर्वाचन अधिकारी तो जुटे रहे। नामांकन पत्रों की बिक्री का क्रम देर शाम तक चलता रहा।
अरांव, जसराना और हाथवंत ब्लाकों में नामांकन प्रक्रिया के 16 नवंबर से प्रारंभ होने के कारण तीनों ब्लाकों में रविवार को सुबह से तैयारियां होती दिखाई दीं। ब्लाक में पूरे दिन नामांकन पत्र खरीदने के लिए आने वालों का क्रम जारी ही रहा। सभी आरओ एवं एआरओ अपने काउंटरों पर इनकी बिक्री करते दिखाई दिए। वहीं सोमवार को नामांकन को भीड़ आने को ध्यान में रखते हुए बेरीकेडिंग की गई थी। अरांव, हाथवंत एवं जसराना ब्लाक में 16 व 17 नवंबर के दिन नामांकन, 18 एवं 19 नवंबर को जांच तथा 20 नवंबर के दिन सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी एवं इसके बाद प्रतीक चिन्ह का आवंटन होगा। मतदान 28 नवंबर को होगा तथा मतगणना 12 दिसंबर को होगी। तीनों ब्लाकों में रविवार को अवकाश होने के बाद ब्लाकों में नामांकन पत्रों की बिक्री होती रही। हाथवंत ब्लाक के आरओ एवं सीबीओ डा. प्रभंजन शुक्ला ने बताया करब 400 आवेदन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। जसराना ब्लाक के आरओ बलजीत सिंह ने बताया प्रधान पद के 378 नामांकन पत्रों की बिक्री पहले दिन हो गई है। अरांव ब्लाक में नामांकन पत्रों की बिक्री का क्रम आरओ प्रमोद कुमार के निर्देशन में चलता रहा।
पद नामांकन जमानत राशि
ग्राम पंचायत सदस्य 150 500
ग्राम प्रधान 300 2000
नोट:-एससी, बीसी एवं महिला उम्मीदवार को नामांकन पत्र आधी कीमत पर मिलेंगे।
नोड्यूज के नाम पर अवैध वसूली का खेल शुरू
फीरोजाबाद/जसराना/सिरसागंज/हाथवंत। जिले में सोमवार से प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही नोड्यूज के नाम पर अवैध वसूली का खेल मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत तक शुरू हो गया। नोड्यूज प्रमाण पत्र के नाम पर 200 रुपये से लेकर 500 तक की वसूली की जा रही है। जिला पंचायत कार्यालय से तो 600 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
पंचायत चुनाव में नोड्यूज का प्रमाणपत्र लगाना अनिवार्य होता है। यही कारण है कि नोड्यूज के नाम पर वसूली की जा रही है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद प्रधानी का चुनाव लड़ने वाले कोई पंचायत सचिव तो कोई ब्लाकों में जाकर क्षेत्र पंचायत के नोड्यूज प्रमाणपत्र की खोज में दिखाई दिए। वे जिला पंचायत का नोड्यूज प्रमामपत्र पाने के लिए दबरई तक दौड़ लगा रहे थे। क्षेत्र पंचायतों में बीडीओ की ओर से खुलवाए गए काउंटरों पर वसूली हो रही थी। कुछ प्रत्याशी शिकायतें लेकर बीडीओ के पास गए लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया।
मतदाता सूची फाइनल करने में जुटा प्रशासन
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। निर्वाचन आयोग की ओर से नामांकन की तिथि तक मतदाता सूची को दुरुस्त कराने के आदेश होने के कारण एसडीएम एवं तहसीलदार प्रथम चरण की मतदाता सूची को सुधारने में जुटे हैं। जिससे मतदान वाले दिन सूची कोई दिक्कत खड़ी नहीं कर दे। जसराना एसडीएम टीम के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय में जसराना एवं हाथवंत के साथ एका ब्लाक की सूची को ठीक कराने में व्यस्त दिखाई दिए। वहीं तहसीलदार शिकोहाबाद रामनरायन वर्मा अरांव ब्लाक की सूची को ठीक कराने में जुटे दिखाई दिए। इस दौरान उनका स्टाफ मौजूद था। सर्वाधिक ध्यान आपत्तियों पर दिया जा रहा था।