फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स कॉलेजों सोसायटी के तहत प्रदेश के पाँच प्रमुख स्पोर्ट्स कॉलेजों (लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर) में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि कक्षा 6, 9 और 11 की कुल 518 सीटों के लिए ''खेल साथी'' पोर्टल के जरिए 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए 200 रुपये आवेदन शुल्क और यूडाइस पोर्टल से जारी पैन अनिवार्य है।
आयु सीमा की गणना 1 अप्रैल 2026 से की जाएगी, जिसमें कक्षा 6 हेतु 9-12 वर्ष, कक्षा 9 हेतु 12-15 वर्ष और कक्षा 11 हेतु 15-17 वर्ष निर्धारित है। प्रवेश परीक्षा दाऊ दयाल स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न खेलों जैसे एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती आदि के बालक-बालिका वर्गों के लिए परीक्षण होगा। प्रारंभिक परीक्षा की मेरिट के आधार पर चयनित खिलाड़ी 3 से 6 जून 2026 के बीच मुख्य चयन परीक्षा में शामिल होंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का उत्तर प्रदेश का निवासी होना और केवल अपने मंडल से परीक्षा में भाग लेना अनिवार्य है। संवाद