अनवार हुसैन शाह के जनाजे में उमड़े हजारों मुरीद
आकलाबाद हसनपुर में किए सुपुर्द ए खाक
भीड़ के सैलाब के चलते सीओ सिटी और सीओ सदर ने संभाली व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। दरगाहे अबरारी के सज्जादा नशीन अल्हाज ख्वाजा सूफी सैय्यद अनवार हुसैन शाह को बारह बीघा आकलाबाद हसनपुर स्थित उनकी खानकाह पर सुपुर्दे खाक किया गया। उनके जनाजे में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। देश भर से उनके मुरीद यहां आए थे।
सूफी सैय्यद अनवार हुसैन शाह का 21 फरवरी को सुबह 5.15 बजे इंतकाल हो गया था। सोमवार की सुबह नौ बजे से दरगाहे अबरारी पर पूरे मुल्क से आए हुए उनके हजारों मुरीद व शहर के लोगों को जमावड़ा था। नवाजे जनाजा औरैय्या से आए कारी शराफत हुसैन ने अदा कराई। इसके बाद उनका जनाजा बर्तन वाली गली, सदर बाजार, घंटाघर, नालबंद चौराहा, सांती रोड से होता हुआ शहर से आठ किलोमीटर दूर ग्राम आकलाबाद हसनपुर स्थित उनकी खानकाह पर पहुंचा। दोपहर दो बजे उनको सुपुर्द ए खाक किया गया। हजारों की भीड़ संभालने को सीओ सिटी राजेश चौधरी और सीओ सदर जगदीश सिंह फोर्स के साथ चल रहे थे। सूफी सैय्यद अनवार हुसैन शाह हसनी के जनाजे में सैय्यदना सरकार आगरा के सज्जादा इनायत शाह, फतेहपुर सीकरी के सज्जादे ख्वाजा रईस मियां, पूर्व विधायक अजीम भाई, पूर्व बसपा प्रत्याशी खालिद नसीर, हादी जावेद, बसपा के जोन कोआर्डिनेटर हेमंत प्रताप सिंह, पूर्व सभासद महबूब अजीज, अकील खां, वकील नवी अफगानी, मीर शहजाद अली, कोटा के सज्जादे जफर अली, इलाहाबाद के सज्जादे सूफी फैजान सिद्दीकी थे। सुपुर्द ए खाक के बाद नायब सज्जादा सूफी जमाल अनवर अबरारी एवं सूफी मोहम्मद अहमद सूफी निहाल अनवर, कमाल अनवर, अहमद नवाज ने शोकाकुल लोगों को विदा किया।