फिरोजाबाद। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के नेतृ्त्व में किसानों की समस्याओं को लेकर महापंचायत की। उन्होंने ज्ञापन लेने पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने से इंकार कर दिया। जानकारी होने पर डीएम, एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लेकर समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। इसके साथ धरना समाप्त हो गया।
भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने किसानों के खिलाफ झूंठा मुकदमा लिखने के साथ ही बिजली एवं पानी आदि की समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो उन्होंने मंगलवार को जिला मुख्यालय के बाहर महापंचायत प्रारंभ कर दी। दोपहर के बाद महापंचायत में भाकियू भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह पहुंचे तो कार्यकर्ताओं को जोश दोगुना बढ़ गया। ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि हम किसानों की समस्याओं को लेकर आए हैं लेकिन यहां कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विभागीय अधिकारी सिर्फ कोरा आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का निदान नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
महापंचायत के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ ज्ञापन लेने को पहुंचे। लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ज्ञापन देने से साफ इंकार करते हुए मौके पर डीएम एवं एसएसपी को बुलाने की मांग रखी। यह जानकारी तत्कालन जिलाधिकारी एवं एसएसपी को दे दी गई। इसके बाद धरना चलता रहा। साढ़े चार बजे के करीब डीएम डा. उज्जवल कुमार एवं एसएसपी आशीष तिवारी धरना स्थल पर पहुंचे। महापंचायत के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह की बात सुनी और समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। इसके साथ ही महापंचायत समाप्त हो गई। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव अवधेश प्रताप सिंह सप्पू, मनोज कुमार सिंह, सोनी वशिष्ठ, विनय प्रताप सिंह विन्नी,कौशल किशोर उपाध्याय, राजकुमार सिंह, विक्की प्रधान,उपेंद्र सिंह बाबा,योगेश सिंह, राजा ठाकुर,शीलू सिकरवार सहित काफी संख्या में किसान मौजूद थे। संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने किया।