सिरसागंज (फिरोजाबाद)। ट्रेन से गिरकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग रविवार रात अपने परिवार के साथ ट्रेन से झारखंड से दिल्ली जा रहे थे।
दिल्ली के आनंद विहार निवासी अरुण कुमार अपने पिता प्रेम सागर सिंह (75), पत्नी सरिता, भतीजे विक्रम कुमार और पोती आरोही के साथ अपने पैतृक गांव कोडर्मा झारखंड से गया आनंद विहार स्पेशल ट्रेन से आनंद विहार दिल्ली जा रहे थे। सिरसागंज क्षेत्र में कौरारा रेलवे स्टेशन के पास प्रेम सागर अपनी सीट से उठकर शौचालय की ओर गए। काफी देर तक जब को अपनी सीट पर वापस नहीं आए तो परिजन ने उन्हे ट्रेन में खोजना शुरू कर दिया लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। रात करीब 2 बजे से सुबह 7 बजे जब दिल्ली पहुंच गए तो उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर अपने पिता की गुमशुदगी की जानकारी दी। वहीं कुछ देर बाद जीआरपी पुलिस ने अरुण कुमार को सूचना दी कि उनके पिता का शव सिरसागंज क्षेत्र में कौरारा ग्राम के पास मिला है। सोमवार की देर शाम सिरसागंज पहुंचे अरुण कुमार ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज करा कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।