फिरोजाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर 14 जून को सुबह 9.30 बजे से मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह रक्त गर्भवती महिलाओं और दुर्घटना का शिकार व्यक्तियों की जान बचाने के लिए प्रयोग किया जाएगा। इस शिविर में लोग स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
ब्लड बैंक की विभागाध्यक्ष डॉ. गरिमा सिंह ने बताया कि इस शिविर में 18 से 60 आयु वर्ग का हरेक स्वस्थ व्यक्ति स्वैच्छिक रक्तदान कर सकता है। रक्तदान पुण्य का कार्य है। दुर्घटना का शिकार या गंभीर रूप से बीमार मरीज को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह रक्त दुर्घटना में घायल हुए लोगों के लिए आपातकालीन स्थिति में काम आता है।
कैंप में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को कार्ड प्रदान किए जाएंगे। जो तीन माह तक अपनी इच्छानुसार जरूरतमंद को रक्त दिला सकते हैं। कई सामाजिक संगठन, शिक्षक संगठन, व्यापारी संगठनों और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने रक्तदान करने की स्वीकृति दी है। डॉ. नवीन जैन ने बताया कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। रक्तदान के बाद ब्लड बैंक में रक्त की जांच की जाती है।