सरकारी टामा सेंटर पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव। संवाद
फिरोजाबाद। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में रविवार को एक 40 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और मेडिकल कॉलेज के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मृतका गुड़िया देवी उर्फ मोहिनी शुक्ला (40) पत्नी दीपक शुक्ला निवासी मोढा, थाना रसूलपुर की मौत से संबंधित यह मामला है। मृतका के जीजा हरेंद्र शर्मा ने बताया कि रविवार को दिन में गुड़िया देवी का जबड़ा उतर गया था, जिसके उपचार के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर लाया गया था।
परिजन का आरोप है कि ट्रामा सेंटर में डॉक्टर ने महिला को एक इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। जब उन्होंने मौत का कारण पूछा, तो डॉक्टर सही जानकारी देने के बजाय शव को एम्बुलेंस से घर ले जाने का दबाव बनाने लगे। डॉक्टरों के व्यवहार से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और विरोध स्वरूप शव को दोबारा ट्रामा सेंटर के भीतर ले जाकर रख दिया। हंगामे की सूचना पर सीएमएस डॉ. नवीन जैन, रसूलपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और उत्तर थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार का समर्थन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। उत्तर थाना इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में डॉक्टरी लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।