अलर्ट: किसान फसलों की नियमित करते रहें सिंचाई
कृषि विभाग ने कहा, चारा वाली फसलों की इसी सप्ताह करें बुवाई, खाली खेत को जोतकर छोड़ दें
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मौसम विभाग ने फिरोजाबाद में पांच दिन तक लू रेड अलर्ट जारी किया है। उप निदेशक कृषि सत्येंद्र प्रताप ने आमजन से सावधानी बरतने के साथ किसानों को खेत को जोतकर खुला छोड़ने की सलाह दी है।
उप निदेशक कृषि सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अत्यधिक लू को ध्यान में रखते हुए किसान सब्जियों के साथ इनकी नर्सरी, जायद फसलों और फलों की बगीचे में हल्की सिंचाई नियमित अंतराल पर करें। नर्सरी को लू से बचने के लिए अवरोधकों के प्रयोग किया जाए। रबी की फसल की कटाई के साथ किसान हरी खाद को पलेवा कर लें। हरी खाद के लिए ढेंचा, सनई या लोबिया की बुवाई करें। खेत में इसके लिए नमी आवश्यक है। अनाज को भंडारण से पूर्व सुखा लें। दानों में नमी 12 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। वहीं भंडारगृह को अच्छी तरह से साफ कर लें। छत या दीवारों पर दरारे हैं तो इन्हें भरकर ठीक कर लें। बोरियों को धूप में सुखा लें ताकि कीटों अंडों की संभावना कम रहे। किसान ग्वार, मक्का, बाजरा, लोबिया आदि चारा फसलों की बुवाई इस सप्ताह करें। रबी फसल की कटाई के बाद खाली खेतों की गहरी जुताई कर जमीन को खुला छोड़ दें। ताकि सूर्य की तेज धूप में गर्मी होने के कारण इसमें कीटों के अंडे और घास के बीच नष्ट हो जाएंगे। किसान लू से बचाव अवश्य करें।