फीरोजाबाद। प्रशासन, आबकारी और पुलिस की टीम ने बोधाश्रम रोड स्थित यादव मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई करते हुए हरियाणा की शराब बरामद कर ली। पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। बरामद की गई शराब की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
बुधवार शाम कोतवाल उत्तर को सूचना मिली कि बोधाश्रम स्थित यादव मेडिकल स्टोर पर भारी मात्रा में हरियाणा की शराब है। शिव सिंह यादव निवासी बोधाश्रम द्वारा इसे बेचा जा रहा है। कोतवाल उत्तर ने एसडीएम सदर विजय कुमार, तहसीलदार जीत सिंह राय और आबकारी अधिकारी चंद्रशेखर को अवगत कराया। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चार टीम गठित कर दी गई। दो टीम ने बोधाश्रम रोड स्थित शिव सिंह यादव के मेडिकल तथा दो टीम ने आरोपी के घर छापामार कार्रवाई को एक साथ अंजाम दिया। यहां से पुलिस और प्रशासनिक टीम ने करीब पांच सौ से अधिक हरियाणा मेड की शराब की बोतल और क्वाटर बरामद कर लिए। इसमें कुछ बोतले खाली थी। कोतवाल उत्तर का कहना है कि पकड़ी गई शराब की कीमत करीब दो लाख रुपए आंकी गई है। वहीं कार्रवाई के दौरान शिव सिंह यादव को गिरफ्तार करने के साथ ही दुकान को सीज कर दिया गया है।
मेडिकल के अंदर चलता था बार
पुलिस प्रशासनिक टीम ने जब मेडिकल की दुकान पर छापामार था, उस वक्त दुकान के पीछे पड़ी खाली जगह में ओपन बार जैसा नजारा था। लोग पुलिस को देख दीवार फांद कर भाग गए।