सुहागनगरी फिरोजाबाद के टूंडला स्टेशन पर बहु प्रतीक्षारत व प्रस्तावित सेमी बुलेट ट्रेन का इंतजार लगभग खत्म हो गया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो आगरा-वाराणसी वंदे भारत की शुरुआत 15 सिंतबर से हो सकती है। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। साथ ही आगरा, प्रयागराज व वाराणसी रेलवे को निर्देश दिए गए हैं, कि ट्रेन के 15 सितंबर से चलाए जाने को लेकर तैयारियां पूरी कर लें।
ताजनगरी आगरा को धर्मनगरी वारणसी से जोड़ने के लिए रेलवे बोर्ड ने एक वर्ष पूर्व आगरा-वाराणसी वंदे भारत सेमी बुलेट ट्रेन को चलाए जाने की घोषणा की थी। यूं तो इस ट्रेन को पिछली दिवाली पर चलाया जाना था, किंतु किन्ही कारणों से उक्त ट्रेन का संचालन नहीं हो सका।
अब एक बार फिर रेलवे ने इस ट्रेन को हरी झंडी दी है। सीपीटीएम बसंत कुमार शर्मा ने तीन सितंबर को जारी नोटिफिकेशन में आठ कोच वाली इस ट्रेन को कब चलाया जाएगा इसके लिए तिथि घोषित नहीं की गई थी, जबकि स्टेशनों पर ठहराव व समय सारिणी जारी कर दी थी।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो आगरा-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन को 15 सितंबर से चलाया जाएगा। हालांकि अभी आधिकारिक निर्देश जारी नहीं हुए हैं। रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन को चलाने के लिए ट्रैक, मेंटीनेंस, ट्रेन को खडे़ करने के स्थान आदि की पूरी तैयारी करने के निर्देश मिले हैं।
इसकी तैयारियां पूरी सुरक्षा, संरक्षा के साथ तेजी से की रही हैं। माना जा रहा है कि इस ट्रेन के पूर्व समय में कुछ बदलाव किया जा सकता है। अब बस 160 किमी प्रतिघंटा की स्पीड में दौड़ने वाली एवं हवाई यात्रा का अहसास कराने वाली इस ट्रेन के चलने का इंतजार है।
आगरा-वाराणसी वंदे भारत को 15 सितंबर से चलाने को तैयार रहने के लिए कहा गया है। ट्रेन चलाने के लिए कंफर्म व आधिकारिक कार्यक्रम नहीं आया है।
-शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज