नए साल में चार जनवरी से रेलवे आगरा फोर्ट-लखनऊ सुपरफास्ट इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन का संचालन फिर से शुरू करेगा। शनिवार और रविवार को छोड़कर यह सप्ताह में पांच दिन चलेगी। यह पूर्ण आरक्षित स्पेशल (ट्रेन संख्या 2180) सुबह 6:31 बजे आगरा फोर्ट से संचालित होगी, जोकि यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रुरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव होकर लखनऊ पहुंचेगी।
इसी तरह लखनऊ से (गाड़ी संख्या 2179) शाम 3:55 बजे चलकर रात 9:49 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन का संचालन पिछले माह कोहरे के कारण निरस्त कर दिया गया था। तभी से आगरा से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्पेशल ट्रेनों में जनवरी में भी कन्फर्म सीट नहीं मिलेगी
लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनों में जनवरी के पहले सप्ताह में भी कन्फर्म सीट मिलना संभव नहीं है। ज्यादातर श्रेणियों में वेटिंग चल रही है। मंगला लक्षद्वीप स्पेशल में चार जनवरी को स्लीपर में 127 वेटिंग, थर्ड एसी में 115 वेटिंग, पांच और छह जनवरी को भी कन्फर्म सीट नहीं है।