परिषदीय स्कूल गनेशपुर में काली पट्टी बांधकर विरोध करते शिक्षक।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। पांच सितंबर से जनपद में शुरू हो रहे प्रेरणा एप का विरोध तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को शिक्षक संघ ने काली पट़्टी बांधकर स्कूलों में शिक्षण कार्य कराया। कई संगठनों ने इस एप को लेकर आंदोलन की चेतावनी भी दी है और संगठनों ने इसे मोबाइल में डाउनलोड़ न करने की अपील की।
प्रेरणा एप लागू होने के बाद शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी लगेगी। स्कूल से फोटो अपलोड करना होगा। साथ ही स्कूल का पूरा विवरण भी प्रेरणा एप पर अपलोड होगा। एमडीएम की रिपोर्ट भी प्रेरणा एप पर अपलोड की जाएगी। ऐसे में शिक्षक इस एप का विरोध कर रहे हैं।
सोमवार को शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जताया। यूटा जिलाध्यक्ष जया शर्मा ने कहा कि प्रेरणा एप शिक्षकों के हित में नहीं है। शिक्षकों से विभाग के अलावा अन्य कार्य कराए जाते हैं। इसके बावजूद भी प्रेरणा एप से शिक्षकों पर निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम बीएसए को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जूनियर शिक्षक संघ के महामंत्री आनंद श्रोत्रिय ने कहा कि ऐसा करना शिक्षकों के साथ अन्याय है। आंदोलन की जरूरत पड़ी तो आगे आएंगे।