शिकोहाबाद। गैस एजेंसी संचालकों पर केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली और कालाबाजारी के आरोप सामने आ रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शनिवार दोपहर एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने थाने में सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की।
इस बैठक में सीओ अमरीश कुमार और इंस्पेक्टर अनुज कुमार मौजूद रहे। एसपी ग्रामीण ने पहले एजेंसी संचालकों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उपभोक्ताओं के साथ हो रही मनमानी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा की इस स्थिति में कोई भी संचालक अवसर का लाभ उठाने की कोशिश न करे। एसपी ग्रामीण ने चेतावनी दी कि यदि केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली, गैस की कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को गैस न देने की शिकायत मिली, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संचालकों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।