शहर के चूड़ी कारखाने में काम करते श्रमिक। संवाद।
फिरोजाबाद। दिवाली जैसे प्रमुख त्योहार से ठीक पहले फिरोजाबाद के कांच और चूड़ी उद्योग को बड़ा झटका लगा है। पिछले 15 दिनों में कांच उत्पादन के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स की कीमतों में 20-25 फीसदी तक की तेज वृद्धि दर्ज की गई है।
नेचुरल गैस के बाद अब केमिकल महंगे होने से कारखानेदारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है, जिससे उत्पादन लागत में भारी इजाफा हो रहा है। कांच और चूड़ी बनाने में ब्रोकन ग्लास (भंगार) के अलावा कैडियम, सुहागा, नाइट्रेट, सल्फेट और सोडा-एस जैसे कच्चे माल का उपयोग होता है। इनकी कीमतों में अचानक उछाल आने से पुराने ऑर्डर पूरा करना और नए हासिल करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय कारखानेदार संजय जैन घंटू, बिन्नी मित्तल और उवैश मुकर्रम के अनुसार, नई दरों पर पुराने ऑर्डर निपटाने से आर्थिक नुकसान निश्चित है। वे अब लागत नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक समाधानों पर विचार कर रहे हैं।