जसवंत आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक इलाहाबाद उच्च न्यायालय की खंडपीठ की स्थापना की मांग को लेकर बुधवार को भी न्यायालय में कामकाज ठप रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव एडवोकेट की अध्यक्षता में बार के मीटिंग हाल में सभा आयोजित की गई। इसमें चेतावनी दी कि यह आंदोलन खंडपीठ की स्थापना होने तक ही निरंतर जारी रहेगा। कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री जनरल वीके सिंह मेरठ में खंडपीठ की स्थापना की मांग कर यहां के अधिवक्ताओं का अहित करना चाहते हैं। महामंत्री सर्वेश यादव एडवोकेट ने कहा कि खंडपीठ आगरा में स्थापित होनी चाहिए। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष धर्म सिंह यादव एडवोकेट ने कहा कि जसवंत आयोग की रिपोर्ट के अनुरूप टूंडला तहसील क्षेत्र के हजरतपुर के निकट क्षेत्र का जिक्र किया था। सह सचिव उदयवीर सिंह यादव ने कहा कि यह आंदोलन निरंतर चलेगा। सभा के बाद जुलूस निकाला गया। जुलूस न्यायालय प्रांगण से सीएमओ रोड, दीवानी चौराहा से हाईवे की एक साइड बंद करके निकाला गया। डीएम कार्यालय के समीप वीके सिंह का पुतला फूंका। इस दौरान वसीमउद्दीन अंसारी, उमेश ओझा एडवोकेट, नरेशचंद्र गुप्ता, अजय यादव, अब्दुल सलाम, सलीम खान, नरेंद्र राठौर, सुरेश शाहू, जाहर सिंह, वेदव्यास, भगवान स्वरूप उपाध्याय आदि शामिल थे।
तहसील में कामकाज रखा ठप
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। रेवेन्यू बार एसोसिएशन तहसील सदर की बैठक विनोद कुमार यादव एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। इसमें आगरा में खंडपीठ की स्थापना की मांग को लेकर 19 दिसंबर तक कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया। संचालन सत्य प्रकाश पिप्पल ने किया। इस दौरान रामकुमार मिश्र, संतोष शुक्ल, नाजिम अली खां, केशवदेव, दिलीप यादव, विपिन कुमार गुप्ता, श्रीकिशन यादव, राम विलास यादव, नवीन कुमार शर्मा, अतिवीर सिंह, अशोक कुमार शर्मा, गजेंद्र सिंह बौद्ध आदि मौजूद थे।
हाईवे जाम कर आज देंगे ज्ञापन
बार एसोसिएशन के महासचिव सर्वेश यादव एडवोकेट के अनुसार 11 दिसंबर को न्यायिक कार्य से विरत रहकर दोपहर 12 बजे सड़क जाम करके ज्ञापन दिया जाएगा।