अवैध वसूली को लेकर वायरल वीडियो पर प्रशासन सख्त
फिरोजाबाद। ब्लॉक हाथवंत के गांव नगला किरार में शौचालय के नाम पर अवैध वसूली करने के वायरल वीडियो को पंचायतीराज विभाग के साथ जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। डीएम चंद्र विजय सिंह ने डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा को खुद ही गांव में जाकर जांच करने की हिदायत दी है।
मामला हाथवंत ब्लॉक के गांव नगला किरार का है। गांव में 33 व्यक्तिगत शौचालय के लाभार्थियों को किश्त जारी की गई थी। लेकिन शौचालय की दूसरी किश्त जारी कराने की दिशा में प्रधान द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार को गांव का एक लाभार्थी शौचालय के नाम पर पैसा वसूली किए जाने का वीडियो वायरल करते हुए अफसरों से मिला था। मामला जिला प्रशासन के जिम्मेदार अफसरों के जब संज्ञान में आया तो डीएम चंद्र विजय सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है। वैसे इस मामले की जांच डीपीआरओ ने स्वच्छ भारत मिशन के जिला कोआर्डिनेटर पुनीत निगम से कराई थी।
वायरल वीडियो जब हाथ लगा तो पाया कि वायरल वीडियो में पंचायत सहायक से एक लाभार्थी पूछ रहा है कि क्या देना पड़ेगा। इस पर पंचायत सहायक कुछ कहता है। बाद में 1000 रुपये पर सौदा तय हो जाता है। सूत्रों की माने तो डीपीआरओ ने शनिवार को जांच कराई। इस जांच में पंचायत सहायक के साथ-साथ प्रधान की संलिप्तता सामने आ रही है। विभागीय सूत्रों की मानें तो कई लाभार्थियों ने पंचायत सहायक द्वारा पैसे लिए जाने की बात कही थी। इस संबंध में जब डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा से बात की तो उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो तो गंभीर है। इसकी जांच करने के लिए मैं खुद ही गांव जाऊंगा। दोषी यदि प्रधान, पंचायत सहायक में जो भी मिलेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताकि ऐसे घटनाक्रम की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।