फिरोजाबाद। आधार कार्ड में त्रुटियों को संशोधित कराने पहुंच रहे छात्राओं को डाकघर के कर्मचारी और बैंकर्स चक्कर लगवा रहे हैं। संशोधन के लिए दो से तीन माह बाद आने को कह देते हैं। छात्रों की शिकायत पर सीडीओ ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आधार कार्ड संशोधन के लिए निर्धारित 14 सेंटरों को नोटिस जारी किए हैं।
शैक्षिक सत्र में शासन ने छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति योजना में व्यापक संशोधन किए हैं। नई नीति के अनुसार छात्रों के बैंक खाता एवं आधार को लिंक कराना अनिवार्य है। जिन छात्रों के आधार कार्ड में त्रुटियां व्याप्त हैं। उक्त छात्र अपने छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति आवेदन के लिए भटक रहे हैं। वहीं छात्रों की समस्या के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नौ डाकघरों, दो ब्लाक संसाधन केंद्र व एक शिक्षण संस्थान एवं दो राष्ट्रीयकृत बैंकों में आधार संशोधन के लिए सेंटर निर्धारित किए हैं और उन पर पहुंच रहे छात्रों को जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी टरका रहे हैं।
कई सेंटरों पर छात्रों को आधार संशोधन के लिए दो से तीन माह बाद आने को कहा जा रहा है। उसकी शिकायत कई छात्रों ने जिला स्तरीय अधिकारियों से की है। मामला संज्ञान में आने के बाद मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन ने सभी सेंटर प्रबंधकों को नोटिस जारी किए हैं। सीडीओ ने सभी को छात्रों के आधार कार्ड संशोधन का काम प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा है।