कोतवाली में बैठक कर कहा - किसी भी शंका पर पुलिस की मदद लें व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। दिवाली त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए शुक्रवार को एडीजी आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ ने टूंडला थाने में व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने व्यापारियों को हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिया। वहीं, पैदल मार्च कर मिशन शक्ति अभियान को लेकर महिलाओं से फीडबैक भी लिया।
एडीजी दोपहर दो बजे कोतवाली पहुंचीं। यहां महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने व्यापारियों त्योहार के दौरान बड़ी नकदी लेकर चलने वाले व्यापारी सुरक्षा में लापरवाही न बरतें और किसी भी शंका होने पर तुरंत पुलिस की मदद लें। बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भेदभाव से परे हटकर हमें एक दूसरे के त्योहार को मनाने में सहयोग करना चाहिए। इस दौरान एसएसपी सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ अमरीश कुमार, पालिकाध्यक्ष भंवर सिंह और व्यापारी नेता वृंदावन लाल गुप्ता, दुष्यंत जादौन, रामतीर्थ चक आदि मौजूद रहे।