फिरोजाबाद। गलत तरीके से एक खाते से धनराशि अपने खाते में हस्तांतरण करने और ओवर ड्राफ्ट के जरिए एक अन्य के सीसीएल एकाउंट से हजारों की राशि निकालने वाले जिला सहकारी बैंक के लिपिक को निलंबित कर दिया है। जिला सहकारी बैंक शाखा कोटला चुंगी फिरोजाबाद में कार्यरत लिपिक राधेश्याम सिंह पर वित्तीय वर्ष 2014 में एक खाता धारक के खाते से गलत तरीके से करीब 2.15 लाख रुपये की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।
लिपिक ने एक अन्य खाता धारक के सीसीएल एकाउंट से वर्ष 2017 में 49 हजार रुपये ओवर ड्राफ्ट के जरिए निकाल लिए। वर्ष 2019 में हुए बैंक ऑडिट में यह मामला पकड़ में आया। विभागीय अधिकारियों ने इसकी जांच कराई। लिपिक द्वारा शासकीय धन को खुद के खातों में हस्तांतरण करने की पुष्टि हुई। इसके बाद महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक ने आरोपी लिपिक को निलंबित कर दिया। कर्मचारी के विरुद्ध जांच आख्या सहकारिता विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।