फिरोजाबाद। सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में मानकों की अनदेखी पर डीपीआरओ ने तीन ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है। मुख्य विकास अधिकारी नेहा जैन एवं डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा द्वारा गत दिनों ग्राम पंचायत दखिनारा, इटौली एवं नौशहरा में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान तीनों पंचायतों में बन रहे सामुदायिक शौचालयों में कई खामियां मिलीं। सामुदायिक शौचालयों में प्लास्टर एवं दिव्यांगों के लिए सीट आदि नहीं रखवाई गई। शौचालयों की दीवारों पर वेंटीलेशन भी नहीं कराया गया। सामुदायिक शौचालय निर्माण में मानकों की अनदेखी पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत दखिनारा, इटौली एवं नौशहरा विकास खंड शिकोहाबाद के प्रधान और सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी को मानकों के अनुसार कार्य कराने एवं अभी तक बरती गई अनियमितताओं को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा है।