मैं लश्कर-ए-तैयबा से बोल रहा हूं। शहर में हर घंटे बम ब्लास्ट किया जाएगा... डायल 112 पर आए धमकी भरे इस फोन ने बुधवार को फिरोजाबाद पुलिस के होश उड़ा दिए। आनन-फानन पुलिस ने जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद से धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आकाश फौजदार निवासी सुहागनगर के तौर पर हुई। उसे थाना दक्षिण पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे अदालत ने जेल भेज दिया।
विज्ञापन
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि धमकी भरी कॉल 10 नवंबर की रात 10:31 बजे आई थी। आरोपी आकाश फौजदार ने डायल 112 पर फोन कर कहा कि वह लश्कर-ए-तैयबा से बात कर रहा है और शहर में हर घंटे बम ब्लास्ट किया जाएगा। धमकी देने के बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया।
थाना दक्षिण, पीआरवी, क्यूआरटी रात भर उसकी तलाश करती रहीं। सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान आकाश फौजदार के तौर पर की गई। उसके विरुद्ध दक्षिण थाने में केस दर्ज किया गया। बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।