शिकोहाबाद। रेलवे सुरक्षा बल शिकोहाबाद ने जसराना कस्बा में रेलवे की अनाधिकृत रूप से आरक्षण टिकट बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसको रेलवे पुलिस ने रेलवे मजिस्ट्रेट अलीगढ़ के समक्ष पेश किया है।
आरपीएफ के प्रभारी आनंद कुमार को सूचना मिली कि जसराना में श्री बजरंग मोबाइल कम्युनिकेशन एवं जनसेवा केंद्र से सीएससी की आड़ में पर्सनल आईडी से तत्काल व सामान्य कोटे की आरक्षित ई टिकट बनाए जा रहे हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक समय सिंह के नेतृत्व में एक टीम को जसराना में भेजा। जांच के दौरान आरपीएफ ने मौके से जनसेवा केंद्र के संचालक को दबोच लिया। आरपीएफ ने आरोपी का नाम कृष्णकांत निवासी नगला बदिकन थाना जसराना बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को रेलवे कोर्ट अलीगढ़ में पेश किया है। आरोपी से पुलिस ने कंप्यूटर, प्रिंटर व आरक्षण टिकट बरामद की है। पकड़ने वाली टीम में कांस्टेबल नवल किशोर शर्मा, इंद्रेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक विनोद गौतम क्राइम विंग टूंडला, नरेंद्र पाल शामिल हैं।