शिकोहाबाद। डायट प्रशिक्षु छात्रा को शादी के नाम पर छलने और उसका रिश्ता तुड़वाकर उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपी प्रेमी को शिकोहाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया।
मोहल्ला शंभूनगर निवासी 22 वर्षीया प्रिया (डीएलएड छात्रा) ने पहली अगस्त को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। छात्रा के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप था कि बेटी की मुलाकात डायट में प्रशिक्षण के दौरान मदीपुर, थाना एका निवासी रोहित कुमार से हुई थी। रोहित ने शादी का झांसा देकर बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसाए रखा। जब बेटी की शादी तय की, तो आरोपी ने अड़ंगा डालकर रिश्ता तुड़वा दिया। इसके बाद आरोपी खुद भी शादी के वादे से साफ मुकर गया। धोखे से आहत होकर प्रिया ने 1 अगस्त की रात फंदा लगा दिया था। पुलिस को शव के पास से सुसाइड नोट मिला था, जिसके आधार पर पिता प्रवीण कुमार ने मामला दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर अनुज कुमार राणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस टीम ने बालाजी मंदिर कट के पास से आरोपी रोहित को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।