जसराना (फिरोजाबाद)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर छात्रा की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को जसराना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अंशुल यादव निवासी जसराना और पीड़िता के बीच पूर्व में दोस्ती थी। कुछ समय पूर्व दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और बातचीत बंद हो गई। दोस्ती टूटने का बदला लेने की नीयत से आरोपी अंशुल दिल्ली चला गया। वहां से उसने पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी ने छात्रा के नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर एआई की मदद से एडिट की गई अश्लील तस्वीरें अपलोड कर दीं। इसके साथ ही वह सोशल मीडिया पर छात्रा को लगातार जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था।
आरोपी की इस करतूत और लोकलाज के डर से पीड़िता इस कदर सहम गई कि उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब परिजन को बेटी की आपबीती और मानसिक स्थिति का पता चला तो पीड़िता के पिता ने जसराना थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी अंशुल यादव को एलआर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर रही है।