जिले में लेखपाल भर्ती परीक्षा पुलिस एवं प्रशासन की चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच हुई। 14 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिल सका। निरीक्षक कक्ष के अंदर व्यवस्थाएं संभालते नजर आए। डीएम विजय किरन आनंद, एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्रों पर दस्तक दी। उड़नदस्ता की टीम भी सक्रिय रही लेकिन कोई नकलची हत्थे ही नहीं चढ़ सका।
लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारी फीरोजाबाद शहर के 13 और शिकोहाबाद के एक परीक्षा केंद्र पर सुबह से प्रारंभ हो गई। परीक्षा केंद्र के बाहर अपने कक्षों को देखने के ही लिए सुबह आठ बजे से ही लंबी कतार लग गई। एमजी कालेज, कोटला रोड स्थित गौरीशंकर इंटर कालेज, किड्स कार्नर, दाऊदयाल कालेज, एसआरके कालेज पीडी जैन, अमरदीप कालेजों में सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया गया। मोबाइल फोन एवं बैग तक को बाहर जमा कराने की व्यवस्था की गई थी। सुबह की पाली में 10.30 बजे से 12 बजे तक पेपर चला। शहरी क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के आस-पास ही नगर आयुक्त रामौतार रमन एवं नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह भी सक्रिय रहे। डीआईओएस रवींद्र सिंह छापेमारी के लिए कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे लेकिन नकलची नहीं मिला। शाम की पाली में दोपहर 12.30 बजे से अभ्यर्थी पहुंचना शुरू हो गए। उनके प्रवेशपत्र में एक बजे का समय अंकित था। लेकिन करीब डेढ़ घंटे का वक्त बाहर गुजारना पड़ा। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के साथ प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शासन के पर्यवेक्षक रहे सक्रिय
लेखपाल भर्ती परीक्षा में शासन से आए पर्यवेक्षक एवं विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त यशवंत राव ने कई परीक्षा केंद्रों पर दस्तक दी। प्रशासन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
प्रवेशपत्र की गलती से पहले पहुंचे अभ्यर्थी
लेखपाल भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली के अभ्यर्थी समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोका और दो बजे आने की बात कही तो कइयों ने बहस की। पुलिस कर्मियों ने अभ्यर्थियों की भीड़ को हटा दिया।
पेपर दिखाने का अनुरोध करते दिखे
प्रथम पाली की परीक्षा देकर लौटे अभ्यर्थियों से दूसरी पाली में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी प्रश्नपत्र को दिखाने का अनुरोध करते नजर आए। इस दौरान किड्स कार्नर, एमजी कालेज, एसआरके, दाऊदयाल के साथ अन्य कालेजों के बाहर भीड़ नजर आई।
चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर मुस्तैद रहा फोर्स
लेखपाल भर्ती परीक्षा के मद्देनजर प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। सुबह से शहर के प्रमुख चौराहों के साथ ही बस स्टेंड,रेलवे स्टेशन पर पुलिस के जवानों के साथ ही होमगार्ड तैनात थे। सुभाष तिराहे पर पुलिस की दो गाड़ियों के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी थी। प्रश्नपत्र के छूटते ही एएसपी सिटी उदय शंकर सिंह, सीओ सिटी राजेश चौधरी, सीओ सदर के साथ अन्य थानेदार चौराहों एवं सड़कों पर आ गए।
मां-बेटा एवं पति-पत्नी ने एक साथ दी परीक्षा
लेखपाल भर्ती परीक्षा में ज्ञान सरोवर इंटर कालेज में मां एवं बेटा एक साथ परीक्षा देते नजर आए। वहीं किड्स कार्नर स्कूल में पति-पत्नी एक साथ परीक्षा दे रहे थे।