फीरोजाबाद हाईवे पर बाइकर्स गैंग ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर
सनसनी फैला दी। तीन बाइकों पर आए छह बदमाशों ने भगवती सीएनजी पंप के मुनीम
से 2.70 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर तमंचों से फायरिंग की गई। इससे
हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। जिले की सीमाओं
को सील कर बदमाशों की तलाश की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। घटना से
बाद से मुनीम बेहद दहशत में हैं।
मुन्नेश पचौरी पुत्र राधेश्याम पचौरी
निवासी हिम्मतपुर थाना रामगढ़, फीरोजाबाद गांव राजा का ताल स्थित भगवती
सीएनजी पंप पर मुनीम हैं। रोजाना की तरह वह सोमवार शाम करीब 7.30 बजे पंप
से दिन भर का कैश करीब 2.70 लाख रुपये लेकर फीरोजाबाद के लिए निकले थे। वह
बाइक से जैसे ही पंप से कुछ आगे पहुंचे तभी तीन बाइकों पर सवार छह युवकों
ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने तमंचे निकाल लिए और
उनके पास मौजूद कैश को लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने कई राउंड
फायरिंग की।
इससे हाईवे पर सनसनी फैल गई। वहां से गुजरने वाले लोग दहशत में
आ गए। फायरिंग होते देख वाहनों के पहिये जाम हो गए। घटना को अंजाम देने के
बाद बदमाश भाग निकले। इसके बाद बदहवास मुनीम ने घटना की जानकारी थाना
पुलिस को दी। इससे पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। तुरंत ही सीओ सिटी
फोर्स के साथ पहुंच गए। इसके बाद मुनीम से बदमाशों का हुलिया जान जिले की
सीमाओं को सील कराया गया लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। रेंज स्कीम लागू कर
वाहनों की भी चेकिंग की गई। सीओ सिटी का कहना है कि बदमाशों को जल्द दबोच
लिया जाएगा। लुटेरों ने रैकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया है।