एसएसपी की गाड़ी में घुसी पुलिस की जिप्सी में घायल हुए सिपाही जिला अस्पताल में उपचार कराते हुए।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। एसएसपी की इनोवा कार को उनके काफिले में पीछे चल रही जिप्सी ने टक्कर मार दी। इसमें एक हेडकांस्टेबल और दो सिपाही घायल हो गए। हादसा स्कूली बच्चों के एक ऑटो को बचाने के चक्कर में हुआ।
मुठभेड़ में गिरफ्तार हत्यारोपी से पूछताछ करने एसएसपी सचिंद्र पटेल सरकारी ट्रामा सेंटर आए थे। यहां से जिला मुख्यालय लौटते समय हाईवे स्थित नैनी ग्लास के पास सामने से स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो आ गया। ऑटो को बचाने के लिए एसएसपी के चालक ने अचानक ब्रेक लगाए। तभी उनके काफिले में पीछे चल रही जिप्सी के चालक ने भी ब्रेक लगाने का प्रयास किया।
परंतु जिप्सी एसएसपी की गाड़ी में पीछे से जा टकराई। सूचना पर एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी इंदुप्रभा व एसओ उत्तर अनूप कुमार तिवारी पहुंच गए। उन्होंने घायल एचसीपी जिला अलीगढ़ के थाना गांधीपार्क के आंबेडकर कॉलोनी क्षेत्र छावनी नौरंगाबाद निवासी कालीचरन (50) पुत्र भोलंबर सिंह, कांस्टेबिल मथुरा के थाना नौझील के नौशेरपुर निवासी पुष्पेंद्र चौधरी पुत्र विजयपाल सिंह और अमरोहा थाना गजरौला के खेड़की निवासी ओमवीर सिंह पुत्र सतवीर सिंह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।