बालिका की मौत, 24 घायल
रामगढ़ और जसराना थाना क्षेत्र में हुए हादसे, नानी के घर से लौट रही थी बच्ची
गंभीर हालत में एक जख्मी शख्स आगरा रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले में बृहस्पतिवार देर रात व शुक्रवार को तीन सड़क हादसों में बालिका की जान चली गई और 24 लोग घायल हो गए। हादसे रामगढ़ और जसराना थाना क्षेत्र में हुए। मृत बालिका घटना के वक्त नानी के घर से लौट रही थी।
रामगढ़ क्षेत्र के आकाशवाणी कारखाने के पास नजमा (8) परिवार के साथ निवास करती है। उसकी नानी बारह बीघा में रहती है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे नजमा मां के साथ नानी के घर से अपने घर जा रही थी। आकाशवाणी रोड के सामने नजमा ऑटो से उतरकर बंबा बाईपास मार्ग पार कर रही थी। तभी आसफाबाद की तरफ से आ रहे ऑटो ने नजमा को चपेट में ले लिया। सूचना पर पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लेने के साथ ही बालिका को उपचार को सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह जानकारी थानाध्यक्ष रामगढ़ हरर्वेंद्र मिश्रा ने दी। कहा, तहरीर आने पर ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार सुबह रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चनौरा पुल के समीप मैक्स जीप असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में 20 लोग घायल हो गए। खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा, द्वारिकापुर, बिजौली और आसपास के ग्रामीण प्रतिदिन की तरह सुबह पांच बजे जीप में बैठकर काम करने के लिए नगला भाऊ स्थित फैक्टरी आ रहे थे। चनौरा पुल के समीप चालक ने संतुलन खो दिया। इससे जीप पलट गई। लोगों में चीख पुकार सुनकर काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए। पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को बाहर निकालकर सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। यह जानकारी रामगढ़ थानाध्यक्ष हरर्वेंद्र मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि घायल सुनील निवासी शेखपुरा की हालत गंभीर होने पर उपचार को आगरा रेफर कर दिया गया। घायल हरेंद्र निवासी बिजौली, राजा, अनिल निवासी शेखपुरा, मुनेश और विनोद निवासी बिजौली, शैतान सिंह निवासी द्वारिकापुर, जय सिंह निवासी दिव्यपुर, रामकृपाल और योगेश निवासी शेखपुर, रघुवीर निवासी शेखपुर, ओमवीर निवासी शेखपुर, धर्मेंद्र निवासी शेखपुर, ध्रुव कुमार, सुरेंद्र निवासी बिजौली, श्यामसुंदर निवासी शेखपुर, रतन सिंह निवासी बिजौली, बॉबी निवासी शेखपुर, बंटू निवासी खैरगढ़, सीताराम व गजराज सिंह निवासी खैरगढ़ को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जसराना प्रतिनिधि के अनुसार, जनपद एटा के आगरा चुंगी निवासी हेमंत, विशाल, शालू, हिमांशु कार से बृहस्पतिवार देर रात परिवार में होने वाली शादी के कार्ड बांटकर जसराना होकर एटा लौट रहे थे। थाना जसराना क्षेत्र के झपारा के निकट कार को कंटेनर ने चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर जसराना के सामुदायिक स्वास्थ्य पहुंची। यह जानकारी कोतवाल आजाद पाल सिंह ने दी।