बहन की शादी का सामान लेकर जा रहे युवक की हादसे में मौत
दोस्त घायल, नगला चूरा के समीप कार की चपेट में आए दोनों बाइक सवार
11 मई को होनी है शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। नगला चूरा के समीप कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर आई। युवक बहन की शादी का सामान खरीदकर घर जा रहा था।
बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी तिवारी निवासी नीरज कुमार (21) की बहन मोहनी की शादी 11 मई को है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। बहन की शादी के लिए नीरज गांव के ही अपने साथी संजीव के साथ बाइक से शुक्रवार को फिरोजाबाद बाजार करने को आया था। देर रात दोनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक संजीव कुमार चला रहा था। बाइक सवार दोनों लोग बसईमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला चूरा के समीप पहुंचे थे। तभी बाइक कार की चपेट में आ गई। हादसे में नीरज की मौके पर ही मौत हो गई और संजीव घायल हो गया। थानाध्यक्ष बसईमोहम्मदपुर ऋषि कुमार का कहना है कि कार की चपेट में आने से नीरज की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।