टूंडला में घायलों को उपचार के लिए ले जाते एंबुलेंस चालक
- फोटो : TUNDLA
फिरोजाबाद/मक्खनपुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजे हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया जबकि चालक-परिचालक मौके से फरार हो गए।
थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला ककरऊ कोठी निवासी अजब सिंह (70) पुत्र भीकम सिंह मंगलवार को सुबह घर से टहलने के लिए निकले थे। बंबा बाईपास ककरऊ चौराहे के पार करने के दौरान ट्रक की चपेट में आ जाने के कारण उनकी मौत हो गई। ट्रक के चालक एवं परिचालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उत्तर अनूप कुमार भारतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। दूसरा हादसा थाना मक्खनपुर के रूपसपुर के समीप हुआ। थाना नसीरपुर क्षेत्र के कुतुकपुर नसीरपुर निवासी जितेंद्र (20) पुत्र रामनरेश सोमवार की शाम को कस्बा मक्खनपुर किसी काम से आया था। रात्रि को करीब दस बजे मक्खनपुर से बाइक से घर लौट रहा था। रूपसपुर के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने के कारण बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मोबाइल फोन के मिलने से परिजनों से संपर्क किया और उसकी शनाख्त कर ली। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया है। मृतक युवक की शादी नहीं हुई थी।