विजय सिंह - ( मृतक )लखनऊ ऐक्सप्रेसवे पर सड़क हादसें में मृतक दरौगा का फाइल फोटो
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना मटसेना क्षेत्र में नीलगाय को बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार आगरा में तैनात एक दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में सलामी के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उपनिरीक्षक किसी मामले की विवेचना के संबंध में मैनपुरी जा रहे थे।
जिला कन्नौज के थाना सौंरिख नंदपुर निवासी विजय सिंह (50) पुत्र नत्थू सिंह यादव आगरा कोतवाली थाना क्षेत्र की पाय चौकी इंचार्ज थे। बुधवार देरशाम वह किसी मामले की विवेचना करने के लिए निजी कार से मैनपुरी जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 45 पर सामने से आई नीलगाय को बचाने की कोशिश में उनकी कार असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दरोगा विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एक्सप्रेस वे की टीम के साथ डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरोगा को गाड़ी से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दरोगा को मृत घोषित कर दिया। इधर, उप निरीक्षक की सड़क हादसे में मौत होने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा पुलिस लाइन ले गई। एसएसपी सचिंद्र पटेल के निर्देशन में उपनिरीक्षक को सलामी देने के बाद शव पुुलिस वाहन से उनके पैतृक गांव भेज दिय गया। एसएचओ मटसेना राजेश कुमार ने कहा कि सड़क हादसें में उप निरीक्षक की मौत हो गई थी। वह किसी मामले की जांच पड़ताल करने के लिए मैनपुरी जा रहे थे।