फिरोजाबाद। थाना मटसेना क्षेत्रांर्गत आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से एक छात्रा सहित दो लोगों को आगरा रेफर कर दिया गया।
थाना मटसेना के गांव रानीपुरा निवासी अंजली (16) पुत्री भूरी सिंह अपनी चचेरी बहन रूबी (17) पुत्री वेदराम अपने चाचा शिवदत्त (35) के साथ बाइक पर सवार होकर हाईस्कूल की परीक्षा देने महाराज सिंह इंटर कॉलेज, हैवतपुर जा रही थीं। हैवतपुर मार्ग पर सामने आ रही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
बाइकों की भिड़ंत में अंजली, रूबी, शिवदत्त और दूसरी बाइक पर सवार रमेश (23) पुत्र वीरेश्वर और कल्लू पुत्र राजेंद्र भी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से अंजली और शिवदत्त को आगरा रेफर कर दिया गया।