प्रदेश में शिक्षा के गिरते स्तर और घटती गुणवत्ता पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने धरना प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर इकाई के महानगर मंत्री हिमांशु शर्मा और छात्र नेता विकास दिवाकर के नेतृत्व में गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई। अंत में सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. प्रभाष्कर राय ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षा का व्यवसायीकरण किया जा रहा है। विद्यार्थी परिषद हर स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन कर इसका मुखर विरोध करेगा। महानगर मंत्री हिमांशु शर्मा के तत्वावधान में एसआरके इंटर कॉलेज, पीडी जैन इंटर कॉलेज, गौरीशंकर इंटर कॉलेज, हेमकावेंट स्कूल, सीएल जैन महाविद्यालय, एसआरके महाविद्यालय, एफएस महाविद्यालय सहित अन्य कॉलेजों के छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार की पुस्तक प्रणाली का विरोध किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन शर्मा ने कहा कि भारत में उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा राज्य है। इसके बावजूद यहां की शिक्षा नीति ने छात्र-छात्राओं का बंटाधार कर दिया है। पूर्व जिला सह संयोजक और छात्र नेता विकास ने कहा कि एबीवीपी छात्र-छात्राओं के अन्याय के खिलाफ लड़ती रही है। धरना प्रदर्शन में विभाग प्रमुख सुधाकर शर्मा, महानगर मंत्री शिवम सोनी, ललित कुमार, देश दीपक गुप्ता, निक्की कुमार, राज वाल्मीकि, शिवम यादव, श्याम यादव, शिवम गुप्ता, हरिओम गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।