जेएनयू विवाद के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर इकाई के नगर मंत्री हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। इस दौरान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शव यात्रा परिषद के कार्यालय से प्रारंभ की। इसके बाद सेंट्रल चौराहा, बर्फ खाना चौराहा, डाकखाना चौराहा होते हुए एबीवीपी कार्यकर्ता रामलीला चौराहे पहुंचे। यहां राहुल गांधी के पुतले को आग के हवाले किया गया। जिला संयोजक विकास दिवाकर ने कहा कि एक ओर देश के बहादुर जवान माइनस 50 डिग्री तापमान पर देश की दुश्मनों से रक्षा कर रहे हैं। वहीं देश में राष्ट्र विरोधी नारे लगाने वाले के समर्थन में राहुल गांधी जेएनयू पहुंच जाते हैं। इससे राहुल गांधी का राष्ट्र विरोध चरित्र सामने आ गया है। एबीवीपी देशद्रोही कांग्रेसी एवं वामपंथी के कृत्य की घोर निंदा करती है। हिमांशु शर्मा ने कहा कि राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ आंदोलन चलता रहेगा। इस दौरान सुधाकर शर्मा, सचिन शर्मा, अतुल भारद्वाज, गोविंद शर्मा, पवन प्रताप यादव, सुमित सविता, भानुप्रताप सिंह, शिवम प्रताप, पंकज मौर्या, जितेंद्र बघेल, धीरज बघेल, शाश्वत पांडेय, प्रिंस मुद्गल, रोबिन यादव आदि उपस्थित रहे।