फतेहपुर सीकरी के मदनपुरा जाजौली में स्थित सूर्य शिव मंदिर पर कावड़ चढ़ाते श्रद्धालु
फतेहपुर सीकरी। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गांव गुड़ की मंडी में हाईवे किनारे स्थित प्राचीन श्री बनखंडी महादेव मंदिर पर कांवड़ियों ने 51 किलो गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से चार दर्जन से अधिक कांवड़ में लाया गया गंगाजल भी भोलेनाथ को अर्पित किया गया।
विशाल, मयंक, जीतू और राहुल पांच-पांच कलश में कुल 51 किलो गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सुबह से देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मदनपुर के सूर्य शिव मंदिर पर डाक कांवड़ लाकर चढ़ाई। हवन यज्ञ पूजा-अर्चना हुआ और प्रसादी का वितरण हुआ। इस अवसर पर समर सिंह महंत, जनक शास्त्री, गिर्राज भगत, दरब सिंह, राधेश्याम सरपंच, अमर सिंह प्रधान, भजनलाल, भरत सिंह आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा क्षेत्र के श्री परमहंस आश्रम, तेहरा दरवाजा हनुमान बगीची, मोनी बाबा के नगला जग्गे आश्रम, सामरा स्थित ताल वाले बालाजी, जाजौली-मदनपुरा की अरावली पहाड़ी स्थित सूर्य शिव मंदिर, ओम शक्ति मंदिर, जय श्रीराम मंदिर, संतोष नगर की छोटी-बड़ी बगीची के शिव मंदिर और दाऊजी महाराज मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।