पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार, आत्मदाह की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। लाइनपार क्षेत्र के एक गांव में एक शादीशुदा युवती ने पड़ोसी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि तीन साल पहले युवक ने उसके साथ चाकू के बल पर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो ले लिए। इनकी वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका यौन शोषण कर रहा है। युवक ने धमकी से उसके पेटीएम अकाउंट से 40 हजार रुपये का लोन भी करा लिया।
थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी। पीड़िता के पति ने उसे छोड़ दिया है और दूसरी शादी कर ली है। सीओ अमरीश कुमार ने बताया, मामला संज्ञान में है। घटना तीन साल पुरानी है, लेकिन गंभीरता से जांच चल रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई होगी।