फिरोजाबाद। घर से जाने के बाद साधु बनकर आश्रमों में रह रहे युवक को उत्तर पुलिस ने आठ साल बाद खोज निकाला है। उसकी पत्नी ने ससुर और जेठ के खिलाफ उसे छिपा देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गांधी पार्क संगम लॉज वाली गली निवासी अशोक अग्रवाल ने अपने पुत्र सचिन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद ही सचिन की पत्नी ने अपने ससुर अशोक और जेठ नितिन के खिलाफ उसके पति को छिपाकर रखने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही। इसके बाद एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में दो टीम भी बनाई गईं। जिसमें थाना पुलिस के साथ सर्विलांस की टीम को भी शामिल किया गया। बुधवार को उक्त युवक को पुलिस ने साधु के वेश में खोज निकाला।
सचिन उर्फ सीताराम दास ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गया था। उन्होंने निजी जीवन से संन्यास ले लिया है। वह पिछले आठ साल में अयोध्या, वाराणसी, अहमदाबाद, मथुरा, नेपाल, चित्रकूट व अन्य प्रातों के आश्रम में रहकर प्रभु की भक्ति कर रहे हैं। अब उन्हें परिवार से कोई मतलब नहीं है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि गुमशुदा युवक के बाबा के वेश में खोज निकाला है। अब वह परिवार के साथ नहीं रहना चाहते। थाने और न्यायालय की कार्रवाई के बाद उक्त युवक को छोड़ दिया गया।