संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। शिकोहाबाद से घर लौटते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना एका क्षेत्र के गांव नगला सामंती निवासी जयनारायण का पुत्र नरेंद्र उर्फ नीतू बाइक से शिकोहाबाद गया था। रविवार की दोपहर वह बाइक से लौटकर अपने घर जा रहा था। शिकोहाबाद मुस्तफाबाद मार्ग के गांव जाजूमई के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वहीं हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने देखा कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह मौके पर पहुंचे और मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी लेने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।