खैरगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम नयावास की ठार में रविवार सुबह करीब 11 बजे खेत पर सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चालू करने गए 18 वर्षीय अंशु की हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। चिलचिलाती धूप में जैसे ही अंशु ने सबमर्सिबल मोटर के स्टार्टर का बटन छुआ, वह करंट से बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गया।
आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बिजली सप्लाई बंद कर अंशु के हाथ-पैर रगड़कर उसे होश में लाने का अथक प्रयास किया, लेकिन उसकी सांसें नहीं लौटीं। होनहार अंशु पढ़ाई के साथ-साथ खेती में अपने पिता प्रेम सिंह का हाथ बंटाता था। प्रेम सिंह के दो बेटों में अंशु बड़ा था, जबकि छोटा बेटा प्रांशु 16 वर्ष का है। पिता के इकलौते बड़े सहारे की मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग को दे दी है।