टूंडला। पचोखरा में 22 वर्षीय एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। कमरे में खाली शराब के क्वाटर रखे हुए मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना व गांव पचोखरा निवासी 22 वर्षीय दुष्यंत उर्फ गोलू जाटव अपने पिता के साथ पंचर जोड़ने की दुकान पर सहयोग करता था। सोमवार शाम को वह दुकान से घर पहुंचा। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह सात बजे करीब उसके कमरे से बाहर न आने पर परिजन ने उसे आवाज दी। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो परिजन ने खिड़की से झांककर कमरे में उसे देखा।
दुष्यंत को पंखे पर फंदे से लटका देख परिजन की चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में छोटा था। थानाध्यक्ष का कहना है कि मृतक के कमरे से खाली शराब के क्वाटर काफी तादाद में मिले हैं। वह शराब पीने का आदी था। जांच में पता चला है कि किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।