- महिला की बहन ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। बन्ना स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में एक महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। मृतका की बहन ने उसके पति पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बन्ना स्थित कांशीराम आवासी कॉलोनी के मकान नंबर 552 निवासी लक्की अपनी पत्नी 34 वर्षीय कोमल और छह वर्षीय पुत्र कृष्णा उर्फ विपिन के साथ रहते थे। मंगलवार को पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। बुधवार सुबह कॉलोनी में तीसरी मंजिल पर रह रहे पिता हरीश पुत्र लक्की के लिए चाय लेकर पहुंचे, तो कमरे में घुसते ही उनके होश उड़ गए। कमरे में उनकी पुत्रवधू फंदे पर झूल रही थी।
लक्की के ममेरे भाई गौरव ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मृतका की बहन रोमा ने बताया कि उसकी बहन कोमल को पति पीटता था। थाना प्रभारी सारदेव सिंह ने बताया कि मायका पक्ष से कोई तहरीर नहीं आई है।