मक्खनपुर (फिरोजाबाद) । थाना मक्खनपुर क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर में मंगलवार दोपहर टीन शेड में लगे लोहे के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला को बचाने दौड़े पड़ोस के एक 24 वर्षीय युवक को भी करंट लगा और उसने भी मौके पर दम तोड़ दिया। दोपहर करीब 12:15 बजे हुए इस हादसे से पूरे गांव में कोहराम मच गया और मातम छा गया।
कल्याणपुर निवासी नीलेश देवी यादव (30) पत्नी जितेंद्र कुमार यादव दोपहर के समय अपने घर के बाहर लगे टीन शेड के पास बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान टीन शेड में लगे लोहे के पाइप में बिजली के तार से करंट आ गया। जैसे ही महिला का हाथ पाइप से स्पर्श हुआ वह करंट की चपेट में आकर वहीं जमीन पर गिर गईं। महिला को जमीन पर अचेत और तड़पता देख पड़ोस में रहने वाला युवक विजय शर्मा (24) पुत्र जितेंद्र शर्मा मौके पर दौड़ा। विजय ने महिला को उठाने का प्रयास किया, लेकिन हाई-करंट ने उसे भी बुरी तरह जकड़ लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एकत्रित हुए ग्रामीण और परिजन दोनों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ गांव के दो मौत से हर आंख नम हो गई।
रोता बिलखता छोड़ गई पांच साल का अनमोल
नीलेश देवी की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व जितेंद्र कुमार यादव के साथ बड़े ही हुई थी। दोनों का एक 5 वर्ष का बेटा अनमोल है। नीलेश देवी 6 माह की गर्भवती थीं, लेकिन करंट के एक झटके ने मां के साथ-साथ उस अजन्मी संतान को भी हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
जब घर के बाहर यह खौफनाक मंजर घटित हो रहा था, उस वक्त मृतका के पति जितेंद्र कुमार रोज की तरह परिवार की आजीविका चलाने के लिए फैक्टरी में अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। पत्नी की मौत की खबर पर जितेंद्र फैक्टरी से वापस लौटे तो पत्नी का शव देख पैरों तले जमीन खिसक गई।
घर का बुझ गया सबसे छोटा चिराग
विजय शर्मा अविवाहित था। इस हादसे ने विजय के परिवार को भी पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। विजय अपने 4 भाइयों में सबसे छोटा था। उसका सबसे बड़ा भाई शरद गांव में ही रहकर खेती करता है, जबकि दूसरे नंबर का भाई रसद ग्लास फैक्टरी में काम करता है। तीसरे नंबर का भाई अजय नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत है। विजय खुद अपने वृद्ध पिता और बड़े भाई शरद के साथ मिलकर खेती-बाड़ी संभालता था। विजय की मौत से वृद्ध पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन ने कानूनी कार्रवाई से किया मना
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चमन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, हादसे से बुरी तरह टूटे और बदहवास परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। सीओ शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि परिजनों की मांग और उनके द्वारा किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की इच्छा के चलते पुलिस ने पंचनामा व अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।