फिरोजाबाद। आगरा गेट पर प्रस्तावित पेयजल टंकी निर्माण की अड़चनें दूर हो गई हैं। निगम ने 15वें वित्त आयोग की धनराशि से प्रस्तावित टंकी निर्माण के लिए शासन की हरी झंडी मिल गई है। अब इसका निर्माण जल निगम कराएगा। करीब 2.5 लाख लीटर पेयजल क्षमता वाली पेयजल टंकी (वाटर ओवर हैंड टैंक ) के निर्माण पर 15वें वित्त आयोग से प्रदत्त करीब 3.75 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। उल्लेखनीय है कि जलकल परिसर में नवीन टंकी निर्माण के प्रस्ताव को बोर्ड बैठक की बैठक में अनुमोदन मिलने के बाद शासन से अनुमोदन के लिए भेजा गया था। प्रस्तावित कार्य योजना से क्षेत्र के करीब एक दर्जन से अधिक मोहल्लाें में पेयजल की आपूर्ति को सुधारा जाएगा।
वर्षों पुरानी टंकी का विकल्प तैयार कराने की कवायद
निगम के जलकल प्रांगण स्थित क्रियाशील पुरानी टंकी के जरिए आर्यनगर, आगरा गेट, मथुरा नगर, नई बस्ती, स्टेशन रोड, इस्लाम गंज, करबला, जलेसर रोड, शिवनगर और लाजपत कुंज आदि मोहल्ला में पानी की सप्लाई होती है। पुरानी टंकी निष्प्रयोज्य होने के बाद इन क्षेत्रों में पानी की परेशानी लोगों को हो सकती है।
आगरा गेट पर नवीन पेयजल टंकी निर्माण संबंधी प्रस्ताव को शासन की स्वीकृति मिल गई है। फिलहाल अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रहीं हैं।हालांकि टंकी निर्माण का काम जल्द शुरू होगा। - तारकेश्वर पांडे एक्सईएन, जलकल नगर निगम