फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर अलीगढ़ से बारात में शामिल होने आए एक किशोर की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। संकरी सड़क से गुजर रही बस की खिड़की से बाहर झांकते समय दुकान के बाहर निकले टिनशेड से उसकी गर्दन टकराकर कट गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है।
जनपद अलीगढ़ थाना अकराबाद के कोडियागंज निवासी राहत खां मजदूरी का काम करता है। उनका बेटा मोहम्मद कैफ(15)पड़ोस के कासिम की बारात में शामिल होने के लिए बस से आया था। बारात आकाशवाणी रोड से होकर गेस्ट हाउस की ओर जा रही थी। सड़क संकरी होने के कारण बस को निकलने में परेशानी हो रही थी। इसी दौरान कैफ बस की बायीं खिड़की से बाहर झांककर रास्ता देख रहा था, तभी सड़क किनारे एक दुकान के बाहर निकला टीनशेड उसकी गर्दन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस बीच बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया बस की खिड़की से बाहर देखते समय दुकान के बाहर निकले टीनशेड से किशोर की गर्दन टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।
दो भाइयों में बड़ा था मोहम्मद कैफ
मृतक मोहम्मद कैफ का मामा नवेद ने बताया कि कोड़ियागंज निवासी पड़ोसी कासिम नामक युवक की बारात थाना रामगढ़ में आई थी। उसी में शामिल होने को मोहम्मद कैफ आया था। वह दो भाइयों एवं तीन बहनों में बड़ा था। बारात पहुंचने से पूर्व ही यह हादसा हो गया।