फिरोजाबाद। रामलीला के मंचन के दौरान बुधवार शाम काठ बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई। जब एक बिजली के पोल में अचानक फॉल्ट हो गया। विद्युत केबिलों से निकली तेज चिंगारियों ने वहां मौजूद लोगों में डर और भगदड़ की स्थिति पैदा कर दी।
घटना करीब साढ़े छह बजे की है। रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन चल रहा था और सैकड़ों लोग मौजूद थे। इसी दौरान अयोध्याजी के पीछे स्थित काठ बाजार में एक विद्युत पोल से आधे मिनट तक चिंगारियां निकलती रहीं, जिससे बाजार में भगदड़ मच गई।
लोग इधर-उधर भागने लगे और दुकानदारों में दहशत फैल गई। घटना के तुरंत बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे स्थिति नियंत्रण में आई। काठ बाजार के दुकानदारों ने बताया कि पिछले साल भीषण आग की घटना में पूरा बाजार जलकर राख हो गया था, इसलिए इस बार वे और भी ज्यादा भयभीत हो गए। स्थानीय लोगों ने रिमैप्ड योजना के तहत हाल में किए गए विद्युतीकरण पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि काम मानकों के अनुरूप नहीं हुआ, जिससे ऐसे फॉल्ट सामने आ रहे हैं।
करीब दो घंटे तक विद्युत सप्लाई प्रभावित रही। एसडीओ रजत शुक्ला ने बताया कि ओवरलोड की वजह से विद्युत केबिल में फॉल्ट हुआ था। उसे ठीक कराया जा रहा है। संवाद